Tuesday, February 1, 2011

तुम्हारी तस्वीर , तुम्हारा रंग

निकालो अपने -अपने रंग ,
भर  डालो यह तस्वीर |
पर आपने बताया ही नहीं ,
कौन सा रंग कहाँ भरूं ?
जो भी , जैसा भी तुम्हें हो पसंद ,
यह है तुम्हारी तस्वीर , तुम्हारी छवि ...
आँखों में थी हैरत , और अधरों पर मुस्कान ,

आकाश में नीला भरूँ या पीला ?
तुम्हें दिखता हो वैसा ,
मुझे तो पीला दिखता है ,
माँ के लहराते आँचल जैसा ,
तो वही भरो , क्योंकि यह तुम्हारा है आकाश |

ज़मीं में हरा भरूँ या नीला ?
तुम्हें दिखती हो वैसी  ,
मुझे तो नीली  दिखती  है ,
पापा की गहरी नीली आँखों जैसी ,
तो वही भरो , क्योंकि यह तुम्हारी है ज़मीं |

नदी में सफ़ेद भरूँ गुलाबी ?
तुम्हें दिखती हो वैसी ,
मुझे तो गुलाबी दिखती है ,
दीदी की खनकती हँसी जैसी ,
तो वही भरो , क्योंकि यह तुम्हारी है नदी |

सूरज में सुनहरा भरूँ या भूरा ?
तुम्हें दिखता हो वैसा ,
मुझे तो भूरा दिखता है ,
दादी के बनाऐ गरम परांठे जैसा ,
तो वही भरो , क्योंकि यह तुम्हारा है सूरज |

घर में लाल भरूँ या सतरंगी ?
तुम्हें दिखता हो वैसा ,
मुझे तो सतरंगी दिखता है ,
दादाजी के सुनाये गुदगुदाते किस्सों जैसा ,
तो वही भरो , क्योंकि यह तुम्हारा है घर |

निखर कर आई ,
अनोखी तस्वीर ,
चटक , अलग ,
पर बिलकुल अपनी ...............


Monday, January 31, 2011

डर

डर ............
डर का है राज़ चारों ओर ,
डर ही जोड़े सम्बन्ध ..
डर ही बिगड़े सम्बन्ध |
डर ही दिलाये उपलब्धि ,
डर ही गिराए उपलब्धि |
डर ही पहुँचाये आकाश ,
डर ही  दिखाये पाताल |
डर ही सजाये ऊँचे सपने ,
डर ही बिखेरे ऊँचे सपने |
डर ही चलाये दुनियादारी ,
डर ही तोड़े दुनियादारी |
हारने का डर दिलाये जीत,
जीतने का डर कराये हार |

tufaan

ठंडी हवा के झोंके सा, गुज़र गया वो ,


पल भर को ठिकठा,नयन भर देखा ,

बर्फानी तुफानी सा झिंझोड़ गया वो ,

कह गया बस हल्के - से जाते - जाते,

अब तेरा हो गया मैं...तेरा हो गया मैं .....

Saturday, January 29, 2011

तुम न समझे

तुम न समझे
तुम कभी न समझे ,
कैसे छू गए हो  ,
तुम मुझे ..............|
मेरे सतरंगी ख्वाबों की हकीकत हो तुम ,
मेरे लरजते होठों की इबादत हो तुम ,
तुम कभी न समझे ,
कैसे छू गए हो ,
तुम मुझे ...............|
मेरी झिलमिलाती कल्पना की सच्चाई हो तुम ,
मेरी अनकही कविता की गहराई हो तुम ,
तुम कभी न समझे ,
कैसे छू गए हो ,
तुम मुझे ................|
मेरी हर करवट की सरसराहट हो तुम ,
मेरी अधसोई  रात की खुमारी हो तुम ,
तुम कभी न समझे ,
कैसे छू गए हो ,
तुम मुझे ................|
मेरी अलसाई सुबह की अंगड़ाई हो तुम ,
मेरी बौराई शाम की मदहोशी हो तुम ,
तुम कभी न समझे ,
कैसे छू गए हो ,
तुम मुझे ....................|
मेरी मदमस्त पलकों की शबनम हो तुम ,
मेरे गुम हुए दिल की धड़कन हो तुम ,
तुम कभी न समझे ,
कैसे छू गए हो ,
तुम मुझे ....................|

माँ तेरी जैसी

माँ तेरी जैसी
सब कहते हैं मैं तेरी तरह दिखती हूँ ,
तेरी तरह हँसती और रोती हूँ |
सुन कर गौरवान्वित हो जाती हूँ ,
पर माँ मेरी रोटी, तेरी तरह नहीं बनती ,
जैसी बनाती है तू ,नर्म - नर्म - गोल ,
पतली - करारी और ढेर सारा घी ,
मेरी रोटी वैसी क्यों नहीं बनती ......|
उबली दाल में वह हींग- जीरे का छौंक,
उसकी महक से ही भूख जाये लहक ,
माँ मेरी दाल से वह महक क्यों नहीं आती ...|
बासी रोटी की चूरी और खूब  सारी शक्कर ,
छाछ भरे ग्लास में तैरता ढेला भर मक्खन ,
माँ मेरी चूरी में शक्कर ठीक से क्यों  नहीं पड़ती ..|
टिफिन में परांठा और आम के आचार की फांक ,
जीभ को तुर्श कर जाये वह मीठी सी - खटास ,
माँ मेरी आचार की फांक में वह खटास क्यों नहीं आती ..|
स्टील के बड़े ग्लास में गर्म - गर्म  दूध की भाप ,
उस पर तैरती मोटी - गाढ़ी मलाई की परत ,
माँ मेरे दूध में वैसी  परत क्यों नहीं पड़ती ...|
जब मैं हूँ तेरी जैसी माँ......!
 तो मेरी रोटी तेरी जैसी क्यों नहीं बनती ...???

Wednesday, January 26, 2011

कोई तो जगह होगी

कोई तो जगह होगी ,
जहाँ चाँद और सूरज,
एक साथ मिलते होंगे |

जहाँ धूप और छाया ,
एक दूसरे में घुलते होंगे |

जहाँ सपने और हकीकत ,
एक साथ सजते होंगे |

जहाँ हँसी और दर्द ,
एक दूसरे पर मरते होंगे |

जहाँ अपने और पराये ,
एक साथ मिलकर हँसते होंगे |



क्या तुमने कभी महसूस किया है ?

क्या तुमने कभी महसूस किया है ,
भोर की सुनहरी धूप में,
कली का हौले से चट्खना ,
धीरे - धीरे पंखुरियों का खिल जाना |
क्या तुमने कभी महसूस किया है ,
घास पर लेटे- लेटे ,
आकाश में  स्याह -सफ़ेद बादलों में ,
हाथी- घोड़े आदि का बनाना |
क्या तुमने कभी महसूस किया है ,
खिली चटक चांदनी में ,
अधमुंदी- नशीली  पलकों पर,
हलके - नर्म  सपने सजाना |
क्या तुमने कभी महसूस किया है ,
पेड़ से सूखे- पीले  पत्ते का ,
हवा में  तिरते -तिरते ,
नजाकत से ज़मीन को छू जाना |
क्या तुमने कभी महसूस किया है................?